कानपुर। खेल निदेशालय उप्र की जिलास्तरीय जूनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को सेमीफाइनल मैच ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए। पहले मैच में सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्टिंग एकेडमी ने 58 रन से और दूसरे मैच में क्राइस्ट चर्च कॉलेज ने चार रन से जीत दर्ज की। अब 26 जुलाई को सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्टिंग एकेडमी और क्राइस्ट चर्च कॉलेज के बीच फाइनल मैच होगा।
पहले सेमीफाइनल मैच में सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्टिंग एकेडमी ने 18 ओवर में चार विकेट पर 157 रन बनाए। टीम से वंश निगम ने 76 व प्रांजुल ने 40 रन बनाए, तो गेंदबाजी में जेके स्पोर्टिंग से अंकित यादव ने दो विकेट चटकाए। वहीं, जेके स्पोर्टिंग की टीम निर्धारित 18 ओवर में नौ विकेट पर 99 रन ही बना सकी।
टीम से अनुराग पाल ने सर्वाधिक 47 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अभिनव ने चार, प्रांजुल ने तीन और शाश्वत ने दो को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच प्रांजुल को चुना गया। दूसरे मैच में ग्रीनपार्क रेड ने 18.3 ओवर में 96 रन बनाए। टीम से तनिष राठौर ने सर्वाधिक 43 रन बनाए, तो गेंदबाजी में प्रज्ञांशु ने चार, उत्कर्ष ने तीन और प्रशांक ने दो विकेट लिए।
वहीं, क्राइस्ट चर्च कॉलेज की टीम ने 12.3 ओवर में चार विकेट पर 62 रन बनाए थे कि बारिश होने लगी। ऐसे में बेहतर रन रेट के आधार पर क्राइस्ट चर्च कॉलेज टीम को विजेता घोषित किया गया। टीम से उत्कर्ष तिवारी ने सर्वाधिक 27 रन बनाए, तो गेंदबाजी में नीरज कुमार ने दो विकेट चटकाए। मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी भानु प्रसाद, उपक्रीड़ाधिकारी अमित पाल समेत कोच मौजूद रहे।