कानपुर। आरटीओ दफ्तर आखिरकार पब्लिक को राहत देने को राजी हो गया है। बुधवार से सिंगल विंडो सिस्टम लागू हो जाएगा। ‘अमर उजाला’ की खबर का संज्ञान लेकर अपर परिवहन आयुक्त गंगाफल ने अफसरों के पेंच कसे तो आरटीओ दफ्तर ने यू टर्न ले लिया। सोमवार शाम तक संसाधनों का हवाला देकर सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने में हाथ खड़े करने वाले अफसरों ने बैठक कर मंगलवार को सभी आवश्यक संसाधन जुटाने का फैसला ले लिया। अपर परिवहन आयुक्त ने एक सप्ताह पहले निरीक्षण के दौरान एक मई से सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने का आदेश दिया था। रविवार को एआरटीओ प्रशासन प्रभात पांडेय ने दिक्कतों का हवाला देकर सिस्टम लागू न करने की बात कही थी। ‘अमर उजाला’ ने अपर परिवहन आयुक्त से रविवार को बात की तो उन्होंने हर हाल में पब्लिक को राहत देने को कहा था। सोमवार को उत्तर प्रदेश संभागीय कर्मचारी संघ अध्यक्ष सूर्यनाथ त्रिपाठी ने एआरटीओ प्रशासन को पत्र देकर कहा कि परमिट, प्रवर्तन और यात्रीकर में सिंगल विंडो सिस्टम में दिक्कत आएगी। कैश रखना असुरक्षित होगा। सोमवार अपर परिवहन आयुक्त ने एआरटीओ प्रशासन को लखनऊ से फोन कर कहा कि संसाधन नहीं हैं तो व्यवस्था करें और सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करें। इस पर आरटीओ वीके सिंह, एआरटीओ ने बैठक कर बुधवार से यह सिस्टम लागू करने का फैसला लिया।