गंगा की रेती में खरबूजे-तरबूज की खेती करने वाले किसान के बेटे और बेटी की गंगा में डूबकर मौत हो गई। एक साथ दो बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना यूपी के उन्नाव जिले की है।
अनहोनी का शिकार हुआ गंगाघाट क्षेत्र के गांव बसधना निवासी किसान सर्वेश कुमार का परिवार। ग्रामीणों के मुताबिक सर्वेश की पत्नी सोनी बुधवार दोपहर छोटे बच्चों तनु (1) और सूरज (4) को दवा दिलाने गई थीं। सर्वेश को गंगा किनारे की अपनी खेती देखने निकलना था। घर में पत्नी के न होने की वजह से वह बेटी अंजलि (10) और बेटे दीपक (7) को भी साथ खेत पर ले आए। खेलते-खेलते बहन-भाई बिना पिता को बताए गंगा में नहाने लगे।
एकाएक ज्यादा गहराई में पहुंचने से दोनों डूब गए। डूबते समय उनकी चीखें सुनकर नजदीकी खेतों से लोग दौड़े। गंगा में घुसकर जब तक उन्हें बाहर निकाला गया तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। यकीन न होने पर बदहवासी की हालत में सर्वेश दोनों को लेकर पास के एक चिकित्सक तक भी भागे लेकिन डॉक्टर से बच्चों के दम तोड़ जाने की जानकारी ही मिली।