पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 26 दिवंगतों को सेना ने पितृपक्ष में सही मायनों में तर्पण किया है। यह बात पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले श्यामनगर निवासी शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या ने बुधवार को संवाद न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने यह प्रतिक्रिया 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाशिम मूसा उर्फ मो. आसिफ के एनकाउंटर में मारे जाने पर दी। वह बोलीं, मास्टरमाइंड हाशिम मूसा की मौत से उन 26 परिवारों को सुकून मिलेगा...जिनकी हंसती-खेलती जिंदगी आतंकियों ने बर्बाद कर दी। कहा वो दिन मेरे लिए बहुत बुरा था लेकिन मास्टरमाइंड की मौत पर आज मैं बहुत खुश हूं।
श्यामनगर निवासी सीमेंट कारोबारी डॉ. संजय द्विवेदी और सीमा द्विवेदी के इकलौते बेटे शुभम और ऐशान्या की शादी 12 फरवरी 2025 को हुई थी। वे परिवार समेत 18 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे। सभी को 23 अप्रैल 2025 को कानपुर लौटना था। 22 अप्रैल 2025 को परिवार पहलगाम पहुंचा। सभी हिल स्टेशन का आनंद ले रहे थे। शुभम और ऐशान्या आगे घूमने निकल गए। तभी हुए हमले में आतंकियों ने शुभम समेत 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ऐशान्या द्विवेदी ने सेना का आभार जताया। कहा कि सेना पर सवाल उठाने वालों के मुंह पर यह एक करारा तमाचा है।