कानपुर। टिकरा स्थित बीएसएस एजुकेशन सेंटर में सोमवार को पहले बीएसएस रैपिड चेस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। शर्मा चेस एकेडमी और कानपुर चेस एसोसिएशन के संयुक्त बैनर तले हुई प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक वर्ग में शुभ अवस्थी और बालिका वर्ग में हिमानी शाह विजेता बने।
प्रतियोगिता में अंडर-5 से लेकर अंडर-19 आयु वर्ग तक के 132 बालक और बालिकाओं ने हिस्सा लिया। अंडर-19 बालक वर्ग में शुभ अवस्थी पहले, अक्षत राठौर दूसरे और अजब सिंह तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में हिमानी शाह ने पहला, सुरुचि श्रीवास्तव ने दूसरा और प्रिंसी सिंह राजपूत ने तीसरा स्थान पाया। अंडर-15 बालक वर्ग में अद्यांश सिंह पहले, आर्य द्विवेदी दूसरे और सार्थक कटियार तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में आभा मिश्रा ने पहला, रितु तलरेजा ने दूसरा और एंजलिना गोस्वामी ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-13 बालक वर्ग में आर्यन गहोई, अर्क चौरसिया और मौलिक गुप्ता क्रमश: प्रथम तीन स्थानों पर रहे।
बालिका वर्ग में परीधि यादव ने पहला स्थान पाया। अंडर-11 बालक वर्ग में मोहम्मद जैदान प्रथम, विदितराज द्वितीय और शिवांश राठौर तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में सान्वी ओमर ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-9 बालक वर्ग में वेदांश शर्मा और बालिका वर्ग में मायरा गुप्ता विजेता बनीं। अंडर-7 बालक वर्ग में मृषांक वागची और बालिका वर्ग में एलिस गोस्वामी ने पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-5 वर्ग में दर्श गुप्ता विजेता रहे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि एडीसीपी वेस्ट योगेश कुमार, एजुकेशन सेंटर के प्रबंधक आशीष बाजपेई और शर्मा चेस अकादमी के चेयरमैन राजेश कुमार शर्मा ने विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। आयोजक कुसुम शर्मा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और अभिभावकों का आभार जताया।