कानपुर। भारत-ए के कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर जब मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ खेलेंगे तो वह ग्रीनपार्क में अपने शानदार रिकार्ड को बरकरार रखने उतरेंगे। टीम इंडिया के शीर्ष बल्लेबाज अय्यर ने अपने टेस्ट क्रिकेट के पदार्पण का पहला मुकाबला ग्रीनपार्क में खेला था और उन्होंने शतर्क लगाया था। वह यहां रणजी के अलावा आईपीएल मुकाबले में भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं।
अय्यर वर्ष 2014 में सबसे पहले ग्रीनपार्क में मेजबान उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुंबई की टीम से रणजी मैच खेलने आए। 53 रनों पर पांच गिरने के बाद टीम की खस्ता हालत में मुंबई की टीम को 75 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद अय्यर 2017 में ग्रीनपार्क में हुए आईपीएल मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से गुजरात लॉयंस के खिलाफ खेलने उतरे। इस मैच में अय्यर ने 57 गेंदों में 96 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को दो विकेट से जीत दिलाई। भारत की तरफ से 14 टेस्ट मैच खेल चुके अय्यर का वर्ष 2021 में भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रीनपार्क में खेले गए टेस्ट मैच में पदार्पण किया था। भारतीय इतिहास के 500वें टेस्ट मैच में अय्यर ने भी पहली पारी में 105 रनों की शतकीय पारी खेली। दूसरी पारी में उन्होंने 65 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी अपने नाम किया था।