कानपुर। ग्राम पंचायतों में अब कर्मचारियों की हाजिरी चेहरा स्कैन करने पर लगेगी। पंचायतीराज विभाग ने ग्राम पंचायतों में कार्यरत कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए वेबकैम आधारित फेस स्कैन अटेंडेंस व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। इससे फर्जी हाजिरी पर रोक लगेगी।
पंचायतीराज निदेशालय ने जिला पंचायत राज अधिकारियों (डीपीआरओ) को तीन दिन में सभी पंचायत सचिवालयों में कंप्यूटर, इंटरनेट और वेबकैम की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। ऑनलाइन उपस्थिति की निगरानी डिजिटल डैशबोर्ड के जरिये होगी। अधिकारी देख सकेंगे कि किस ग्राम पंचायत में कितने कर्मचारियों ने उपस्थिति दर्ज की है और कौन अनुपस्थित है। बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर वेतन कटौती के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। नई व्यवस्था का एक से 10 जुलाई तक प्रत्येक विकासखंड की दो-दो ग्राम पंचायतों में पायलट परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण सफल रहने पर 11 जुलाई से इसे प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में लागू कर दिया जाएगा। अभी तक ग्राम पंचायतों में मोबाइल एप के जरिये ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाती थी।
डीपीआरओ ने बताया कि फेस स्कैन अटेंडेंस से ग्राम पंचायत के कर्मियों की उपस्थिति का पता चल सकेगा। इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही पंचायत भवन में मशीन लगाई जाएगी।