सिकंदरा। मालवीय नगर के नुमाइश मैदान में बुधवार को बंजारा समाज की महारैली का आयोजन किया गया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा बंजारा समाज को एकजुट होने की आवश्यकता है। तभी उन्हें राजनीति में भागीदारी मिल सकेगी।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्य अतिथि व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा बंजारा समाज को अपनी पहचान दिलाने के लिए एकजुट होना होगा। जब पूरा समाज एकजुट होकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगा, तभी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का ध्यान समाज की ओर आकर्षित होगा और सरकार में भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।
पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर पिछली सरकारों ने बंजारा समाज को आरक्षण का सही लाभ दिया होता तो आज समाज का हर बेटा विभिन्न सरकारी विभागों में अधिकारी के पद पर बैठा होता। उन्होंने विपक्षी दलों पर समाज को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विरोधी दल अपनी नाकामी छिपाने के लिए लोगों को काले झंडे थमाकर विरोध प्रदर्शन कराने के लिए उकसा रहे हैं।
जनपद की जर्जर सड़कों और हो रहे हादसों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा विकास का चश्मा लगाकर देखने पर विकास साफ नजर आएगा। मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारों से पहले प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। कार्यक्रम के अंत में बंजारा समाज के प्रतिनिधियों ने मंत्री को अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत पत्र के आधार पर सभी समस्याओं का पारदर्शी निस्तारण कराया जाएगा। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।