कानपुर देहात। शासन की प्राथमिकता में शामिल मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में बैंक रुचि नहीं दिखा रही हैं। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी ने योजना की समीक्षा की। प्रगति खराब मिलने पर दो बैंक के शाखा प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही कार्य में सुधार के निर्देश भी दिए।
विकास भवन सभागार में सीडीओ लक्ष्मी एन ने युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा की। जिसमें उन्होंने बैंक में आए आवेदन, उनके निस्तारण, लंबित होने की शाखा प्रबंधकों ने बिंदुवार जानकारी ली। योजना के तहत बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अकबरपुर एवं झींझक की प्रगति खराब मिली। अधिकारियों ने जानकारी दी कि यहां पर आवेदन लंबित हैं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों शाखा प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी। निर्देश दिए योजना के तहत आ रहे आवेदनों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं में से एक है। इसमें किसी भी प्रकार कि कोई लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शाखा प्रबंधक अधिक से अधिक प्रस्ताव स्वीकृत करने का प्रयास करें। वहीं प्रस्तावों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कम होने व बैंकों द्वारा प्रस्ताव निरस्त करने के साथ-साथ कई महीनों से लंबित रहने पर कड़ी नाराजगी जताई।
कहा कि प्राप्त आवेदनों का भली भांति परीक्षण किया जाए। कोई भी आवेदन बिना किसी कारण लंबे समय तक रोका न जाए। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो लोग भी इस योजना से लाभ लेना चाहते हैं उन्हें आसानी से सभी कागजी कार्रवाई पूरी करके योजना से लाभांवित किया जाए। उन्होंने उपायुक्त उद्योग मोहम्मद साउद को निर्देश दिए कि योजना में अधिक से अधिक आवेदन कराए जाएं, जिससे युवा स्वयं का उद्यम शुरू कर आत्मनिर्भर बन सके।