पिस्टल के साथ सेल्फी लेने में चली गोली
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर जिले में मुंगेर की पिस्टल के साथ सेल्फी लेने के शौक के चक्कर में एक किशोर की जान पर बन आई है। सेल्फी खींचते समय अचानक फायर हो गया। गोली युवक के पेट में जा घुसी। घटनास्थल की जांच के बाद घर से पुलिस ने मुंगेर की बनी हुई पिस्टल बरामद की है।
पिस्टल कैसे और कहां से किशोर के पास आई पुलिस इसकी जांच में जुटी है। किशोर की हालत गंभीर है। जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर किया गया है। खागा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे स्थित मानू का पुरवा (गौरइया देवी मंदिर के सामने) रज्जन द्विवेदी का मकान है।
रज्जन दूध का कारोबार करते हैं। घर में उनके पत्नी, पुत्र अमन, ऋषभ व मयंक (17) व एक बेटी है। मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बरामदे में अचानक गोली चलने की आवाज हुई तो परिजन दौड़कर पहुंचे जहां मयंक के पेट में गोली लगी थी।
उसे सीधे जिला अस्पताल लेकर आए। डाक्टर ने कानपुर हैलट ले जाने की सलाह दी। परिजनों ने प्रयागराज के हायर सेंटर को रेफर कराया। करीब दो घंटे के बाद पुलिस रज्जन के घर पहुंची। पुलिस ने घर से 32 बोर की मुंगेर की पिस्टल और एक गोली का खोखा बरामद किया।