रूरा। नगर व आसपास की तीन सहकारी समितियों में खाद का टोटा है। दो समितियों में डीएपी भी नहीं है। बनीपारा समिति में सिर्फ 20 बोरी डीएपी है। ऐसे में गेहूं की बोआई के लिए किसान निजी दुकानों में महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। शुक्रवार को रूरा व गहलौ समितियों में पहुंचने वाले किसानाें को जरूरत की खाद न मिलने पर लौटना पड़ा।
अकबरपुर ब्लॉक के रूरा साधन सहकारी समिति से 30 गांव जुड़े हैं। यहां यूरिया की 25 बोरी और एनपीके की 250 बोरी का स्टाक है जबकि डीएपी का टोटा है। किसानों को गेहूं की बोआई के लिए डीएपी की जरूरत है। एनपीके महंगी है तो किसान डीएपी की मांग कर रहे हैं। इसी प्रकार मैथा ब्लॉक के गहलौ सहकारी समिति में 120 बोरी यूरिया है। यहां एनपीके और डीएपी का टोटा है।
गेहूं की बोआई के लिए खेत में जरूरी नमी होने पर अब किसान निजी दुकानों से महंगी खाद लेने के लिए मजबूर हैं। वहीं, झीझक ब्लॉक के बनीपारा साघन सहकारी समिति में सिर्फ 20 बोरी डीएपी बची है। एनपीके की 188 बोरी हैं जबकि यूरिया की केवल 33 बोरी ही बची हैं।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता आशीष कुमार मेहता ने बताया कि बनीपारा समिति में यूरिया के लिए चेक लगा दी गई है। जल्द की डीएपी के लिए भी चेक लगाई जाएगी। रूरा समिति में डीएपी के लिए चेक लगाने के निर्देश सचिव को दिए हैं। वहीं गहलौ समिति में डीएपी व एनपीके के लिए चेक लगा दी गई है। यहां रविवार को खाद आने की उम्मीद है।
-
फोटो-17 सागर सिंह।
फोटो-18 राजेंद्र तिवारी।
किसानों ने बताई समस्या
गहलौ समिति से जरूरत की खाद लेते रहे हैं। अब जरूरत पर वहां गए तो डीएपी नहीं मिली। इसकी वजह से मायूस होकर लौटना पड़ा। जल्द खाद आने का आश्वासन मिला है।
- सागर सिंह।
बनीपारा समिति से खाद लेते हैं। अब यहां डीएपी की किल्लत है। तहसील में शिकायत की है। इसकी वजह से निजी दुकानों पर महंगी खाद लेने की मजबूरी है।
- राजेंद्र तिवारी।