सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाला फर्जी कर्नल सूर्य प्रताप सिंह उर्फ मनोज सिंह सेंगर उत्तराखंड के युवाओं को लखनऊ, आगरा और मेरठ में नौकरी के कॉल लेटर देता था, जबकि यहां के युवाओं को रानीखेत, नैनीताल और अल्मोड़ा के कॉल लेटर देता था। रेल बाजार और नैनीताल के होटल में फर्जी कर्नल द्वारा लिए गए कमरों से पुलिस को मिले दस्तावेजों की जांच में यह खुलासा हुआ।
कानपुर रेल बाजार इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने बताया कि इन सभी लेटर पर रिक्रुटिंग अथॉरिटी ऑफ लखनऊ की फर्जी मुहर लगी है। कथित रिटायर कैप्टन कमलेश चंद्र अग्निहोत्री के दस्तखत व मुहर भी है। पुलिस का कहना है कि यूपी के लोगों को उत्तराखंड और वहां के लोगों को यूपी के शहरों का नियुक्ति पत्र इसलिए देता था ताकि जल्दी पकड़ा न जा सके। रेलबाजार पुलिस मामले की छानबीन के लिए दो दिन बाद नैनीताल जाएगी।