इटावा, औरैया, रनियां और कानपुर में जनसभा के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान गठबंधन की नई आहट को हवा दे गए। अपने भाषण के दौरान शिवराज केवल सपा और कांग्रेस पर ही कटाक्ष करते नजर आये लेकिन उन्होंने एक बार भी बसपा या मायावती का नाम नहीं लिया। शिवराज की जनसभा के बाद ये कयास लगाये जाने लगे हैं कि भाजपा और बसपा का गठबंधन हो सकता है।
एमपी सीएम शिवराज सिंह चौहान ने औरैया में कहा कि एक जमाना था जब मध्य प्रदेश में डकैतों का साम्राज्य था। जब से मैं मुख्यमंत्री बना मैंने कहा या तो डाकू रहेंगे या मैं। सारा साम्राज्य खत्म कर दिया। आज गुंडे या तो जेलों में हैं या बाहर निकल गए। जैसा मुख्यमंत्री और सरकार होती है पुलिस भी वैसे ही काम करती है। यूपी में गुंडों को खुली छूट मिली है। पुलिस वही करती है जो सरकार कहती है। सरकार कहती है गुंडों का साथ दो, तभी यूपी के ये हालत बनी हुई है।