आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सभी सेक्युलर राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाने की तैयारी शुरू कर दी है। सबको साथ लाकर चुनाव लड़ूंगा। यह बात प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कही।
वे मंगलवार को शहर में एक शादी समारोह में शिरकत करने आए थे। उन्होंने बताया कि भाजपा की नीतियों से सिर्फ किसान ही नहीं बल्कि व्यापारी, छात्र, युवा, दलित, उद्यमी सभी परेशान हैं। पार्टी की ओर से पिछले दिनों शुरू की गई गांव-गांव पदयात्रा के दौरान लोगों के बीच भाजपा विरोधी आवाजें सुनाई दे रही हैं।
शिवपाल के अनुसार पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता हर जिले से बेरोजगारों की सूची तैयार कर रहे हैं। इन सभी को नौकरी देने के लिए प्रयास किए जाएंगे। यदि उनकी सरकार प्रदेश में आती है तो शत-प्रतिशत बेरोजगारों को नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए सरकार को सस्ती दवाओं का इंतजाम करना था, जो कि नहीं किया गया।
यह भी उनकी पार्टी का मुख्य एजेंडा होगा। एआईएमआईएम के प्रमुख ओवैसी से भी उनकी वार्ता चल रही है। वहीं शहर आगमन पर पार्टी के महानगर अध्यक्ष आशीष चौबे के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।