रूरा। सराय गढ़ेवा में रविवार को दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 400 मीटर दौड़ में गदनपुर के शिवा ने सबसे तेज धावक बनकर प्रथम स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
भाजपा नेता सुनील निषाद व ग्राम प्रधान तेजेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों से मिलकर शुभकामनाएं देते हुए उत्साहवर्धन किया। कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। साथ ही टीम भावना के साथ काम करने की प्रवृत्ति जागृत होती है। कोच वसीम अली ने बताया कि कानपुर व अन्य कोचिंग से सेना व पुलिस की तैयारी करने वाले युवा प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं।
प्रथम पाली की 400 मीटर की दौड़ में 50 से अधिक धावकों ने भाग लिया। इसमें दूसरे स्थान पर रामजी रहे। जबकि कुछ सेकंड की दूरी से पीछे पहुंचने वाले आदित्य को तीसरे स्थान मिला। वहीं, दूसरी पाली में हुई 1600 मीटर की दौड़ में राजीव प्रथम, भैरव द्वितीय व मोहित मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। आयोजक प्रिंस कश्यप ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। पूर्व प्रधान अजय कमल, हरनाम यादव, अंशु, रामकुमार कश्यप व अन्य मौजूद रहे।