कानपुर। कानपुर से नई दिल्ली रिवर्स शताब्दी और लखनऊ से नई दिल्ली बरास्ता कानपुर होकर चलने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस का दोबारा संचालन फिलहाल रेलवे ने स्थगित कर दिया है। नई दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से यह फैसला लिया गया है। फिलहाल अन्य ट्रेनों के संचालन पर अब एक जुलाई को रेलवे बोर्ड जोनल और मंडल की समीक्षा कर फैसला लेगा।
प्रयागराज मंडल और लखनऊ जंक्शन मंडल ने रेलवे बोर्ड से इन ट्रेनों समेत दूसरी ज्यादा डिमांड वाली ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा था। इस पर रेलवे बोर्ड ने 16 से 20 जून के बीच शताब्दी समेत कुछ ट्रेनों के फिर से संचालन पर सहमति दिखाई थी। हालांकि अब दिल्ली में बढ़ते संक्रमण की वजह से इसे फिलहाल 30 जून तक स्थगित ही रखा जाएगा। उधर, दिल्ली के साथ मुंबई में भी हालात असामान्य होने की वजह से कानपुर से जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बमुश्किल 30 से 40 प्रतिशत है।
हाल यह है कि कई-कई महीने लंबी वेटिंग दिखाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस से मुंबई जाने के लिए कल-परसों का कन्फर्म टिकट ऑनलाइन बुक हो जा रहा है। यही हाल मुंबई और दिल्ली जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों का है।
मुंबई रूट की ट्रेनों का हाल
पुष्पक एक्सप्रेस- 21 से 25 तक सेकेंड एसी में कन्फर्म सीटें, थर्ड एसी में 23 तक आरएसी, 24 से कन्फर्म, स्लीपर में भी बेहद कम वेटिंग
गोरखपुर-बांद्रा, अवध, गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस में पांच से 10 वेटिंग, तीन दिन बाद सीटें उपलब्ध
दिल्ली रूट की ट्रेनों का हाल
श्रमशक्ति एक्सप्रेस में 25 जून तक स्लीपर कोच में 250 से 500 सीटें खालीं हैं, थर्ड एसी में पौने दो सौ से सवा दो सौ, सेकेंड एसी में 10 से 35, फर्स्ट एसी में 20 सीटें रोजाना खालीं हैं।
हावड़ा, रांची, पटना, डिब्रूगढ़ राजधानी में भी दिल्ली जाने के लिए सीटें खाली हैं। पुरुषोत्तम, गोरखधाम, गोमती एक्सप्रेस में भी भरपूर सीटें खाली हैं।