50 से ज्यादा बच्चों के यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार सिंचाई विभाग के निलंबित जेई की कुंडली खंगालने में सीबीआई की टीम जुटी है। टीम ने अभी भी सिंचाई विभाग के डाक बंगले में डेरा डाल रखा।
टीम ने जेई के दफ्तर पहुंचकर उसके सहकर्मियों से पूछताछ की। वहां जानकारी जुटाने के बाद टीम लौट गई। मूलरूप से बांदा जिले के नरैनी निवासी रामभवन सिंचाई विभाग के निर्माण खंड पंचम में जूनियर इंजीनियर है।
बच्चों से दरिंदगी के मामले में रामभवन को सीबीआई के गिरफ्तार करने के बाद विभाग ने उसे निलंबित कर दिया है। इस मामले की जांच में जुटी सीबीआई टीम सोमवार को रामभवन के ऑफिस पहुंची और कर्मचारियों से पूछताछ की।
खंड पंचम कार्यालय के वरिष्ठ सहायक संतोष कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को सीबीआई की टीम ऑफिस आई थी। उसने और कई कर्मचारियों से रामभवन से जुड़े सवाल पूछे थे। कई सवालों का जवाब उन लोगों ने दे दिया, लेकिन कई सवालों के उत्तर वह नहीं दे सके।