स्कूल से घर लौटते समय हुआ हादसा
सिहुरा गांव निवासी अनुराग वर्मा का सात वर्षीय बेटा निखिल गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह पड़ोसी मुकेश कुमार निषाद की पांच वर्षीय बेटी निशा के साथ घर लौट रहा था। दोनों बच्चे जैसे ही गांव में सालिकराम के मकान के पास पहुंचे, तभी बारिश के कारण कमजोर हो चुकी कच्ची दीवार अचानक दोनों बच्चों पर आ गिरी।
सात वर्षीय मासूम की मौत
- फोटो : amar ujala
मलबे से निकाला गया बाहर, परिवार में कोहराम
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम निखिल की सांसें थम चुकी थीं। घायल बच्ची निशा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मासूम बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
बुलडोजर से हटवाया गया मलबा, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम ऊषा सिंह और अमराहट थानाध्यक्ष महेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और बुलडोजर बुलवाकर मलबा हटवाया। एसडीएम ऊषा सिंह ने बताया कि मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और शासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।