बिल्हौर (कानपुर)। क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। सीएचसी, शिवराजपुर में हुई एंटीजन जांच में एसओ शिवराजपुर, एक कांस्टेबल और एक एएनएम, सीएचसी ककवन में एक लैब टेक्नीशियन और चौबेपुर में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
शिवराजपुर में शनिवार को सीएचसी, शिवराजपुर में एंटीजन टेस्ट में एसओ शिवराजपुर, एक कांस्टेबल और एक एएनएम कोरोना पॉजिटिव मिले। सभी को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ अनुज दीक्षित ने बताया कि शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 153 लोगों की जांच की गई। पॉजिटिव मिले मरीजों के संपर्क में आए सभी लोगों को भी होम क्वारंटीन की सलाह दी गई है।
बिल्हौर सीएचसी में शुक्रवार को एक कर्मी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में शनिवार को जांचें नहीं हुईं वहीं ककवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेें कुल 41 लोगों को एंटीजन टेस्ट किया गया, इसमें एक लैब तकनीशियन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। जिसके बाद सीएचसी को सैनिटाइज कर 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। उधर, सीएचसी, चौबेपुर में शनिवार को कुल 190 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया, जिसमें तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डाक्टरों ने सभी पॉजिटिव मरीजों को कोविड प्रोटोकाल के तहत मंधना स्थित रामा अस्पताल भेजा है।