क्लीनिक के अंदर पति-पत्नी और वो का विवाद अन्य लोगों तक तब पहुंचा, जब पत्नी बताने वाली महिला ने अपनी कलाई की नस काटकर खुदकुशी की कोशिश की। इस पर क्लीनिक के आसपास के लोगों ने दखल दिया। महिला को समझाते हुए रोका। इन लोगों ने ही पुलिस को सूचना दी।
महिला का कहना था कि वह रायबरेली के ऊंचाहार की रहने वाली है। पति के किसी और से संबंध की जानकारी पर अचानक पहुंची तो यहां युवती को मौजूद पाया। कानपुर नगर के अरौल निवासी युवती ने डॉक्टर पर खुद को अविवाहित बताकर शादी का झांसा देने और यौन शोषण का आरोप लगाया।
कोतवाल ललित कुमार ने बताया कि युवती अनुसूचित जाति की है। उसकी तहरीर पर बिल्हौर रोड स्थित क्लीनिक चलाने वाले ऊंचाहार रायबरेली निवासी धर्मेंद्र यादव के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी व एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। अभी हिरासत में पूछताछ की जा रही है।