कन्नौज जनपद निवासी बीज व्यापारी अपने पुत्री के लिए लड़का देखने रविवार दोपहर बाइक से अकेले फर्रुखाबाद जा रहे थे। खुदागंज क्रॉसिंग के पास जीप ने बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंचे परिजन एंबुलेंस से घायल को सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कन्नौज जिले के मल्लपुरबा डुडवा बुजुर्ग निवासी प्रेमसिंह (50) की गांव में ही खाद-बीज की दुकान है। वह अपनी छोटी पुत्री रीना के लिए लड़का देखने के लिए रविवार दोपहर एक बजे घर से फर्रुखाबाद के लिए निकले थे। करीब 2 बजे खुदागंज चौकी से कुछ दूरी पर रेलवे क्रासिंग के पास सामने से आ रही जीप ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। उनके मोबाइल से ही पुलिसकर्मियों ने घर पर घटना की सूचना दी। पुत्र सूरज व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने घायल को सीएचसी कमालगंज में भर्ती कराया। वहां चिकित्सक डॉ. विकास पटेल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूरज ने बताया कि पिता करीब डेढ़ घंटे तक घटनास्थल पर ही पड़े रहे।
पुलिसकर्मियों ने समय पर एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं कराई। जो एंबुलेंस आई उसमें ऑक्सीजन आदि की सुविधा नहीं थी। प्रेमसिंह के तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री की शादी हो चुकी है। पत्नी रामसखी का सीएचसी में रो-रोकर बुरा हाल था। चौकी प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि प्रेमसिंह हेलमेट लगाए था। बेटे सूरज ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
ट्रक की टक्कर से दो युवक घायल
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव उलियापुर निवासी जवर सिंह का 18 वर्षीय पुत्र अजय गांव कुइयां धीर निवासी प्रवीण के 18 वर्षीय पुत्र सुमित के साथ बाइक से कंपिल क्षेत्र के गांव सिवारा में अपनी बहन के देवर की शादी में जा रहा था। दमदमा मोड़ के पास ट्रक की टक्कर से दोनों घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।