कानपुर। नवाबगंज थाना क्षेत्र में स्थित गंगानगर हाउसिंग सोसाइटी में कुत्ता टहलाने को लेकर हुए विवाद में युवक ने दो सुरक्षाकर्मियों पर पीटने और सिर फोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। गंगानगर हाउसिंग सोसाइटी निवासी गौरांश कटियार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे वह अपने पालतू कुत्ते को टहलाने सोसाइटी के पार्क की ओर गए थे। आरोप है कि निर्माणाधीन बिल्डिंग पर तैनात दो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां कुत्ता टहलाने से मना करते हुए अभद्रता और गालीगलौज की। मौके पर पहुंचे उनके परिचित प्रशांत वर्मा ने विरोध किया तो सुरक्षाकर्मी उग्र हो गए। आरोप है कि एक सुरक्षाकर्मी ने रॉड उनके सिर पर मार दी। इससे वह लहूलुहान हो गए। प्रशांत को पीटा। नवाबगंज इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)