कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के प्रेमपुर सहकारी समिति में बुधवार को यूरिया खाद वितरण के दौरान किसानों ने हंगामा किया। आरोप है कि किसानों ने सचिव राजा सिंह को पीटा। अभद्रता कर वी पैक्स मशीन तोड़ दी। सचिव ने महाराजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, अन्य समितियों के सचिवों ने बिना पुलिस बल की मौजूदगी के खाद वितरण न करने का फैसला लिया।
खाद की किल्लत को देखते हुए मंगलवार को प्रेमपुर समिति में यूरिया खाद पहुंची थी। सचिव राजा सिंह ने बताया कि भीड़ अधिक होने की आशंका जताते हुए उन्होंने पहले ही पुलिस बल की मांग की थी। बुधवार को वितरण के दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस कंट्रोलरूम पर सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर किसानों को शांत कराया। इसके बाद वितरण दोबारा शुरू हुआ। तभी बड़ागांव निवासी जालिम और कुलदीप ने 13 बोरी खाद मांगी। मना करने पर विवाद और हंगामा किया। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
समिति में सचिव से मारपीट के विरोध में सभी समितियां बंद
फोटो-
कानपुर। गेहूं की बोआई के सीजन पर यूरिया की भारी किल्लत से जूझ रहे किसान अब एक नई मुसीबत में फंस गए हैं। सरसौल ब्लॉक की सहकारी समितियों के सचिव धरने पर बैठ गए हैं और समितियों पर ताला जड़ दिया गया है। इससे यूरिया वितरण पूरी तरह ठप हो गया है। बुधवार को यह संकट तब और गहरा गया जब प्रेमपुर समिति में मंगलवार को सचिव के साथ हुई मारपीट को लेकर सचिवों में आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार सुबह सरसौल ब्लॉक मुख्यालय पर एक दर्जन से अधिक सचिवों ने सामूहिक रूप से पहुंचकर एडीओ (कृषि) सी रवि वर्मा को ज्ञापन सौंपा। सचिवों ने साफ कहा कि मारपीट करने वालों पर जब तक कड़ी कार्रवाई नहीं होगी और सुरक्षा व्यवस्था की गारंटी के बिना समितियां कतई नहीं खोली जाएंगी। सचिवों ने सामूहिक हड़ताल का फैसला किया है। एडीओ ने बताया कि स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, निर्देश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो