एक विद्यालय-एक खेल योजना के तहत सभी विद्यालयों में आयोजित होंगी खेल प्रतियोगिता
कबड्डी, खो-खो, दौड़, ऊंचीकूद, लंबी कूद, भाला फेंक, क्रिकेट, फुटबॉल खेलों का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। एक विद्यालय-एक खेल योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में खेल का आयोजन किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य खेल को बेहतर माहौल तैयार करना है। इससे गांव की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। खेल में प्रतिभा रखने वाले गांव के युवाओं को ओ बढ़ाने का यह एक सराहनीय प्रयास है।
दरअसल, विद्यालय में छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ ही खेल में प्रतिभाग कराने का नियम है, लेकिन विद्यालय में खेल की गतिविधियां नाम मात्र की देखने को मिल रही हैं। जब खेल प्रतियोगिता कराने के निर्देश जारी किए जाते हैं तो विद्यालय स्तर से सिर्फ खानापूर्ति की जाती है।
इस बार ऐसा नहीं हो सकेगा। स्कूलों को विद्यालय में ही खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना होगा। इससे खिलाड़ियों में प्रतिभा का निखार देखने को मिलेगा। जिले में एक विद्यालय को एक खेल की कवायद शुरू हो रही है। जनपद में राजकीय माध्यमिक विद्यालय 21, अशासकीय सहायता प्राप्त 54 और वित्तविहीन माध्यमिक के 215 विद्यालय हैं।
हर विद्यालय को एक खेल का चयन करना है। इसमें कबड्डी, खो-खो, दौड़, ऊंचीकूद, लंबी कूद, भाला फेंक, क्रिकेट, फुटबाल, वॉलीबाल, हॉकी, एथलेटिक्स, टेनिस आदि कई खेल शामिल हैं। विद्यालय स्तर पर टीम चयनित होगी। जो पहले विद्यालय फिर ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। खिलाड़ियों की प्रतिभा का आकलन कर उन्हें जिला व मंडल स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर दिया जाएगा।
वर्जन
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल योजना संचालित है। खेल प्रतियोगिता के संबंध में सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। हर विद्यालय को अपना एक खेल चुना जाएगा।-मनोज कुमार, डीआईओएस