यूपी में कन्नौज जिले के गुरसहायगंज में पत्नी की मौत और चार बेटियों की शादी करने के बाद वृद्ध ने अपनी भी शादी कर ली। सोचा बुढ़ापा सुकून से कटेगा। हुआ इसके उलट।
दुल्हन शादी के दूसरे ही दिन नगदी व जेवर समेत लाखों का माल लेकर चंपत हो गई। चार माह तक इंतजार के बाद वृद्ध ने अब दुल्हन व मध्यस्थ के खिलाफ थाने में रिपोर्ट लिखने के लिए तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा समधन निवासी 60 वर्षीय राजेंद्र की पत्नी गुड्डी देवी की छह साल पहले मौत हो गई थी। राजेंद्र ने चार बेटियों की शादी कर दी। इसके बाद राजेंद्र को अकेलापन सताने लगा।
बुढ़ापा सुकून से काटने के चक्कर में राजेंद्र ने दूसरी शादी करने का फैसला लिया। इसी बीच चचेरे भाई धर्मेंद्र ने 26 वर्षीय युवती से उसकी जान-पहचान करा दी। युवती ने बताया कि उसके पति की मौत हो गई है।