प्रदेश के एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम ग्रीनपार्क में तीन माह के भीतर
लगातार दूसरी बार चोरी की घटना हुई है। चोरों ने इस बार डायरेक्टर पवेलियन के स्टोर रूम के दरवाजे का ग्लास तोड़कर घास कटर का 90 मीटर तार पार कर दिया।
साथ ही कई अन्य उपकरणों पर हाथ साफ करके 15 हजार रुपये की चपत लगाई है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है पर अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका सीरीज का एकदिवसीय मैच 11 अक्तूबर को प्रस्तावित है। मैच को लेकर जिला प्रशासन, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और खेल विभाग अभी से तैयारी में जुटा है।
पिछले महीने प्रमुख सचिव खेल अनीता भटनागर जैन ने ग्रीनपार्क का निरीक्षण करके स्टेडियम की सुरक्षा-व्यवस्था को चौकस रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद चोरी की घटना ग्रीनपार्क प्रशासन पर सवाल उठाती है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी उषालाल ने बताया कि शुक्रवार को चोरी का पता चला है।
मामले की रिपोर्ट कोतवाली में लिखा दी गई है। उन्होंने बताया कि फरवरी-मार्च में भी करीब आठ बैटरी चोरी हुई थी। इस घटना का भी पुलिस ने अब तक खुलासा नहीं किया है।