पीएमओ के स्टिंग के बाद वित्त मंत्रालय की फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट ने बैंकों की डाटा माइनिंग शुरू कर दी है। शक के दायरे में आए बैंकों की जांच प्राथमिकता पर है। इनमें भी एक्सिस बैंक टॉप पर है। सूत्र बताते हैं कि शहर में एक्सिस बैंक की सात शाखाओं का डाटा गोपनीय तरीके से खंगाला जा रहा है। इसमें फर्जी खातों से लेकर मोटी रकम जमा होने वाले खाते शामिल हैं।
नोएडा के सेक्टर-51 और चांदनी चौक स्थित एक्सिस बैंक की शाखाओ में आयकर विभाग की रेड फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट की डाटा माइनिंग का ही नतीजा है। पीएमओ के एक्शन के बाद इसमें और तेजी आई है। सूत्र बताते हैं कि पीएमओ के स्टिंग में भी शहर में स्थित एक्सिस बैंक की एक शाखा शामिल है। अब फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट शक के आधार पर इसकी सात शाखाओं का डाटा खंगाल रही है।
आरबीआई अफसरों के खातों वाला बैंक भी निशाने पर: सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग की नजर शहर के उस बैंक पर भी टिकी है, जिसमें रिजर्व बैंक के अफसरों के सबसे ज्यादा खाते हैं। यह बैंक भी रिजर्व बैंक के आसपास ही स्थित है। एक जांच एजेंसी के सूत्र बताते हैं कि कालाधन को सफेद बनाने में इस बैंक का नाम भी खुलकर सामने आया है। एजेंसियां बैंकों के इस खेल को समझने का प्रयास कर रही हैं। जांच एजेंसियां कालेधन को सफेद बनाने के खेल में रिजर्व बैंक के अफसरों की भी भूमिका तलाश रही है।