कानपुर। सीसामऊ क्षेत्र की बैंक कर्मी से सामूहिक दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर की लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज समेत अन्य जिलों में तलाश की गई। मुख्य आरोपी त्रिलोक शर्मा को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एफआईआर में नामजद एक अन्य महिला के संबंध में भी जांच चल रही है।
सीसामऊ क्षेत्र की महिला ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने क्षेत्र के त्रिलोक शर्मा और क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर वैभव पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इसमें आरोपी की बहन ने भी साथ दिया। आरोपियों ने वीडियो बनाकर काफी समय तक शारीरिक व मानसिक शोषण किया। आरोपी वीडियो को तीन से चार लोगों को वायरल कर चुका है जिससे कुछ लोग बेटी को आते जाते वीडियो दिखाकर प्रताड़ित कर रहे हैं।
महिला की शिकायत पर सीसामऊ पुलिस ने तीन पर सामूहिक दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज की थी। इसकी जांच चमनगंज पुलिस कर रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी और युवती की पहले से जान पहचान रही है। उसकी शिकायत पर त्रिलोक शर्मा को जेल भेजा जा चुका है। वैभव नाम का कोई इंस्पेक्टर कानपुर कमिश्नरी में नहीं है। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज समेत अन्य जिलों में इस नाम के इंस्पेक्टर की जांच कराई जा रही है। आरोपी की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।