कानपुर में जाजमऊ हादसे के बाद जागा केडीए सोमवार से अवैध निर्माणों को सील करने का अभियान चलाएगा। पहले चरण का अभियान 11 मार्च तक चलेगा। होली बाद दूसरे चरण की कार्रवाई शुरू होगी।
अवैध रूप से बनाए गए बारातघरों, पार्टी लॉन के साथ ही नर्सिंग होम, अवैध इमारतों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। केडीए अभियंताओं की मानें तो शहर भर में 50 से ज्यादा अवैध इमारतें चिह्नित की गई हैं। बिठूर, मैनावती मार्ग, नवाबगंज, कल्याणपुर, जाजमऊ, पनकी, रतनलाल नगर, सनिगवां आदि क्षेत्रों में सर्वे किया गया है। केडीए ओएसडी डीडी वर्मा ने बताया कि कार्रवाई के लिए टीमें गठित कर ली गई हैं।