शिवली। थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव के सामने एसडीएम रसूलाबाद की गाड़ी में सामने से तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। घायल होमगार्ड और चालक को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के चलते हैलट रेफर कर दिया गया।
एसडीएम नीलिमा यादव को शनिवार की सुबह कानपुर सेंट्रल लेने उनका चालक अहसान व होमगार्ड श्रीकृष्ण कानपुर सेंट्रल जा रहे थे। शिवली क्षेत्र में रसूलाबाद रोड पर नयापुरवा के पास तेज बारिश के बीच तेज रफ्तार वाहन सामने से टक्कर मारते हुए तेजी से निकल गया। हादसे में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और गार्ड, चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। जहां से हैलट रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में एसडीएम चालक समेत होमगार्ड के घायल होने की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।