पुखरायां। परेहरापुर रोड किनारे चर्च के भवन निर्माण पर एसडीएम ने रोक लगा दी है। सोमवार को एसडीएम ने जांच की। पादरी बताने वाला व्यक्ति कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। इस पर उसे दो अगस्त तक समय दिया गया है।
एसडीएम सर्वेश कुमार सोमवार को चर्च निर्माण की जगह की जांच करने पहुंचे। वहां मौजूद पादरी बताने वाले व्यक्ति से संबंधित अभिलेख मांगे। वह कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। बजरंग दल के प्रांत गोरक्षा प्रमुख यशवंत, विहिप के जिला गोरक्षा प्रमुख मनन बजरंगी ने विद्यालय के नाम पर चर्च का निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया। कहा कि यहां आसपास बताया जाए कि कितने ईसाई रहते हैं।
जिसके कारण चर्च का निर्माण आवश्यक है। एसडीएम ने निर्माण कार्य पर रोक लगाए जाने का निर्देश देते हुए दो अगस्त तक संबंधित अभिलेख मुहैया कराए जाने के निर्देश दिए। हिदायत दी कि यदि निर्धारित समय पर अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए तो भवन को अवैध घोषित कर दिया जाएगा। इस दौरान बजरंग दल प्रखंड संयोजक अंशु, आशीष और प्रखंड कार्यकर्ताओं सहित राजस्व टीम व पुलिस बल मौजूद रहा।
बता दें कि पुखरायां नगर पालिका में इन दिनों भवन निर्माण के लिए मनमानी तरीका अपनाया जा रहा है। मंडी से परेहरापुर जाने के रास्ते पर चर्च के भवन का निर्माण कार्य वृहद रूप से कराया जा रहा है। रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अवैध निर्माण और किसी दूसरे नाम से ली गई जमीन पर चर्च का निर्माण कराने का आरोप लगा शिकायत की थी। इस पर पुलिस के साथ पहुंचे नायब तहसीलदार ने निर्माण कार्य बंद करा दिया था।