कानपुर। चकेरी थानाक्षेत्र के मंगला विहार पुलिया के पास गुरुवार रात विपरीत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा से स्कूटी सवार युवक की टक्कर हो गई। डिवाइडर से सिर टकराने से उसकी मौत हो गई। सिर पर हेलमेट न लगाकर गाड़ी पर टांग रखा था।
नौबस्ता थानाक्षेत्र के यशोदानगर राजीवनगर मछरिया निवासी अफरोज अहमद का बेटा मेहरोज अहमद (30) फर्नीचर कारीगर था। परिवार में पत्नी फरीन, दो साल की बेटी अमायरा है। भाई अर्सलान ने बताया कि गुरुवार को वह जाजमऊ में साइट में काम करने के लिए गया था। रात में काम कर घर लौटते समय मंगला विहार पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे ई रिक्शा से टक्कर हो गई। हादसे के बाद सिर डिवाइडर से टकराने में मेहरोज की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार के लिए मृतक हेलमेट न लगाकर, स्कूटी में आगे टांगे हुए था। ई रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया गया है।