कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां में ज्यादा मोबाइल चलाने पर मां की डांट से क्षुब्ध छात्रा ने मंगलवार को फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
गणेशपुर गांव निवासी अरविंद यादव श्यामनगर स्थित एक फैक्टरी में सुपरवाइजर हैं। परिवार में पत्नी नीलम, तीन बेटी और एक बेटा है। परिजनों ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी प्रांशी यादव (15) हाईस्कूल की छात्रा थी। मां नीलम ने पुलिस को बताया कि घर के नीचे उनकी परचून की दुकान में दोपहर के वक्त प्रांशी बैठकर मोबाइल चला रही थी। ज्यादा मोबाइल चलाने को लेकर उसे फटकार दिया था। इससे खफा होकर प्रांशी छत पर बने कमरे में चली गई। इसके बाद पंखे के कुंडे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से काफी देर तक बाहर न आने पर देखने पहुंचीं तब बेटी के खुदकुशी का पता चला। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।