कानपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा में लापरवाही अब भारी पड़ेगी। बुधवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने स्कूल वाहनों की जांच से लेकर चालकों के सत्यापन में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। जिले के 313 विद्यालयों में बच्चों के लिए संचालित 1097 वाहनों की जांच कर चालकों का चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं और बालिकाओं को ले जाने वाली बसों में महिला परिचालक की अनिवार्यता भी सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही स्कूल बसों के साथ टेंपो, ई-रिक्शा और निजी वाहनों से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा की भी निगरानी की जाए। कानपुर-हमीरपुर-सागर मार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। आईआईटी कानपुर से गोल चौराहा मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बाधा बने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने को कहा गया। वहीं, बैठक में डीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ, बीएसए समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।