शासन और प्रशासन की लाख कोशिशों के बाजजूद स्कूल प्रबंधन सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। कम खर्चा और ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में बच्चों के जिंदगी से खिलवाड़ पर खिलवाड़ हो रहा है।
कस्बे के मोहल्ला कासूपेट में मंगलवार दोपहर एक पब्लिक स्कूल के बाहर स्कूली वैन में घरेलू गैस सिलेंडर से रिफलिंग के दौरान विस्फोट हो गया। विस्फोट में वैन के परखच्चे उड़ गए और इसके टुकड़े आसपास के घरों की छतों पर जाकर गिरे। घटना से लोगों में दहशत फैल गई। प्रशासन ने विद्यालय को सील कर दिया है।
मोहल्ला कासूपेट में अल्लामा इकबाल पब्लिक स्कूल है। कक्षा 8 तक के इस स्कूल को कस्बे के लोग एई पब्लिक स्कूल के नाम से जानते हैं। स्कूल में बच्चों के लिए वैन लगी है। मंगलवार दोपहर बाद चालक बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अतरछा निवासी पंकज वैन में घरेलू गैस सिलेंडर से गैस भर रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इसमें वैन के परखच्चे उड़ गए और पंकज घायल हो गया। तेज धमाके के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि स्कूली बच्चे वैन में नहीं थे। उपजिलाधिकारी अशोक प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह, कोतवाल सतेंद्र सिंह और खंड शिक्षाधिकारी सुशील कुमार कनौजिया मौके पर पहुंचे और जांच की।
बिना मान्यता चल रहा था विद्यालय
खंड शिक्षाधिकारी सुशील कुमार कनौजिया ने बताया कि विद्यालय के प्रबंधक जायर हुसैन हैं। विद्यालय को मदरसा शिक्षा परिषद से फौकानिया स्तर तक की मान्यता है लेकिन इसकी आड़ में पब्लिक स्कूल संचालित किया जा रहा है। अहम बात ये है कि विद्यालय की दो शाखाएं संचालित हो रही हैं। मुख्य विद्यालय मोहल्ला सैय्यदवाड़ा ऊपर कोट के निकट है और दूसरी शाखा कासूपेट मेें है।
दो मकान क्षतिग्रस्त
विस्फोट के दौरान हुए तेज धमाके से दहशत फैल गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक वैन के परखच्चे आसपास के घरों में गिरने लगे। कासूपेट में रहने वाले सर्वेश के मकान की दीवार दरक गई। वैन का मलबा उनके घर के बाहर पड़े छप्पर पर जा गिरा, जिससे छप्पर भी बेकार हो गया। अतहर अब्बास रिजवी की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।