उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच बीच अमर उजाला की टीम 'सत्ता का संग्राम' अभियान के तहत घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंची। इस दौरान टीम ने किसानों, युवाओं और स्थानीय निवासियों से आगामी चुनावों के मुद्दों और क्षेत्र के विकास पर विस्तृत बातचीत की। वर्तमान में यहां अपना दल (एस) से विधायक सरोज कुरील विधायक हैं।
घाटमपुर के युवाओं की पसंद कौन
युवाओं के मुद्दों पर एक शख्स ने कहा कि उनकी विधायक और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार युवाओं के मुद्दों पर खरी उतर रही है। खेल और शिक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर सरकार बेहतर काम कर रही है। विधायक सरोज कुरील भी बेहतर काम कर रही हैं। मूसा नगर रोड में एक बड़े स्टेडियम का निर्माण हो चुका है, जिसका शिलान्यास भी हो चुका है और पैसा भी आ चुका है। विधायक ने शासन और सरकार से लगातार प्रयास किए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी कटरी में एक बड़ा विद्यालय आया है। ऐसी कई योजनाएं हैं जिन्हें गिनाया जाए तो कम पड़ जाएंगी।
सुरक्षा से योजनाओं तक... क्या है घाटमपुर की महिलाओं की राय?
एक महिला ने बताया कि पहले उनके पास आने-जाने के लिए कोई साधन नहीं था। 10 साल पहले की तुलना में अब आवागमन आसान हो गया है और वे किसी भी प्लेटफार्म पर आसानी से पहुंच सकती हैं। सरकार महिलाओं के लिए कई योजनाएं लेकर आई है। पहले बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते थे और लोन पास नहीं होता था, लेकिन अब आसानी से लोन मिल जाता है, जिससे वे रोजगार पा सकती हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उन्हें 12 लाख रुपये तक का लोन आसानी से मिल जाता है। महिला सुरक्षा भी मजबूत हुई है और महिलाएं अब बेखौफ कहीं भी आ-जा सकती हैं।
घाटमपुर में विकास के मुद्दे पर बोले लोग
एक स्थानीय निवासी ने कहा कि वे विकास की बात करने वाले के साथ हैं और राष्ट्रवाद को महत्व देते हैं। भाजपा सरकार में यहां कई निर्माण हुए हैं, जैसे ओवर ब्रिज और बस स्टैंड। तहसील परिसर और अस्पताल में भी नए भवन बने हैं, साथ ही विद्यालय भी बने हैं। उन्होंने कहा कि विकास हुआ है। एक अन्य निवासी ने बताया कि घाटमपुर में पहले से काफी बदलाव हुए हैं। 25 साल से खेल के मैदान की मांग थी, जिसे पूरा करने में विधायक ने बहुत सहयोग दिया है। युवाओं को खुशी है क्योंकि स्टेडियम का निर्माण तेजी से हो रहा है।
सरकार के काम पर क्या बोले लोग
एक स्थानीय निवासी ने कहा कि योगी सरकार में प्रदेश से गुंडाराज खत्म हुआ है। पहले कानपुर जाने के लिए सोचना पड़ता था और घर से निकलने में डर लगता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। एक अन्य निवासी ने भाजपा की डबल इंजन सरकार को शिक्षा, चिकित्सा, सड़कों, गुंडागर्दी और सुरक्षा जैसे सभी मुद्दों पर बेहतरीन बताया। उन्होंने कहा कि विधायक सबके साथ खड़ी रहती हैं।
10 वर्षों में कितना बदला घाटमपुर?
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था में पहले की अपेक्षा काफी बदलाव आया है। बिजली की समस्या भी काफी हद तक दूर हुई है, नए फीडर और क्षमतावान ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। ग्रामीण सड़कों का भी बड़े पैमाने पर निर्माण हुआ है, जिससे गांव से गांव कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। उन्होंने वर्तमान विधायक सरोज कुरील की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे बहुत मेहनत करके क्षेत्र को ऊंचाइयों पर ले जाने का काम कर रही हैं।