सरवनखेड़ा। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में सरवनखेड़ा कस्बे के वैभव प्रताप सिंह ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। उनके भाई अनुभव सिंह ने बताया कि वैभव को बचपन से ही आर्म रेसलिंग (भुजा कुश्ती) का शौक है। वह रोजाना घर के जिम में छह से सात घंटे कड़ा अभ्यास करते हैं।
जिला, मंडल और प्रदेश स्तर की बाधाओं को पार करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर यह स्वर्णिम सफलता हासिल की है। जम्मू कश्मीर में हुई आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता है। इधर शनिवार को वैभव को पैतृक गांव लौटने पर युवाओं ने फूल-मालाओं से लादकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान निशू शुक्ला, आदित्य सिंह, गंगासागर, अमन बाजपेई, शिवम पांडेय और आदित्य बाजपेयी मौजूद रहे। वैभव कहते हैं कि इंडियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन के तत्वावधान में जिला व मंडल स्तर पर प्रतियोगिता में विजयी होने पर प्रदेश स्तर पर प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। इसके बाद यह सफलता मिली। अब उनका सपना अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।