कानपुर। एक लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में नगर निगम के संविदा सफाई कर्मचारी के अपहरण के मामले में पुलिस ने अपहर्ता दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से जबरन हस्ताक्षर कराया गया स्टांप पेपर बरामद किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अपहरण, जबरन वसूली और मारपीट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
बर्रा में झंडा चौराहा निवासी राकेश (50) नगर निगम में संविदा पर सफाई कर्मचारी हैं। मसवानपुर क्षेत्र में सफाई का कार्य करते हैं। पुलिस ने बताया कि कोयलानगर निवासी विशाल राठी और उसका बड़ा भाई अर्जुन उर्फ सूरज राठी मंगलवार को राकेश की तलाश में सबसे पहले उसके पुराने घर बेकनगंज पहुंचे। यहां न मिलने पर दोनों बर्रा स्थित उसके वर्तमान आवास पर पहुंचे लेकिन जब यहां भी राकेश नहीं मिला तो दोनों मसवानपुर पहुंचे।
आरोप है कि दोनों राकेश का जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि दोनों भाई पहले राकेश को कोयला नगर अपने घर ले गए और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे कचहरी ले जाकर सादे कागज और स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। बाद में राकेश को बेकनगंज उसके पुराने मकान के बाहर छोड़ दिया। राकेश ने घर पहुंचकर पत्नी को जानकारी दी। पुलिस ने अपहरण, जबरन वसूली और मारपीट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने बुधवार सुबह मामा तालाब के पास से आरोपी दोनों भाइयों विशाल राठी और सूरज राठी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में एक लाख रुपये के लेनदेन का विवाद पता चला। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा जाएगा।