समाजवादी पार्टी ने ये तस्वीर ट्वीट की है
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव दुष्कर्म कांड में समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर प्रदेश के मुखिया और यूपी पुलिस के मुखिया पर निशाना साधते हुए एक ट्वीट किया है। जिसमें सीएम योगी, कुलदीप सेंगर और डीजीपी यूपी ओपी सिंह की फोटो और नाम लिखे हैं। इसी के साथ इसमें एक लाइन लिखी हुई है जिसमें कहा गया है इन तीनों के हटे बिना उन्नाव की बेटी को न्याय नहीं मिलेगा।
ये है पूरा मामला
4 जून 2017 को माखी गांव से एक 17 साल की किशोरी को गांव के ही शुभम व उसका साथी कानपुर के चौबेपुर निवासी अवधेश तिवारी अगवा कर ले गए थे। करीब आठ महीने बाद किशोरी मिली तो उसने आपबीती बताई। पीड़िता की मां की गुहार पर भी माखी थाने में कार्रवाई नहीं हुई।
तहरीर में पीड़िता की मां ने गांव के ही रहने वाले विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर और पड़ोस की एक महिला शशि सिंह के जरिए बहाने से घर बुलाकर रेप और इसके बाद उसके गुर्गों पर गैंगरेप का आरोप लगाया था। जिसके बाद से सीबीआई इस मामले की जांच कर रही थी।
28 जुलाई 2019 रविवार को रायबरेली जेल में बंद चाचा से मिलने दुष्कर्म पीड़िता किशाेरी चाची मौसी और अपने वकील के साथ जा रही थी। रास्ते में एक ट्रक ने किशोरी की कार में टक्कर मार दी। जिससे किशोरी और वकील गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि चाची और मौसी की मौत हो गई। इसके बाद से एक बार फिर उन्नाव कांड सुलग उठा है। इस मामले में कुलदीप सेंगर पर कार्रवाई करते हुए भाजपा ने निलंबन के बाद पार्टी से निष्कासित भी कर दिया है।