कानपुर के गोलाघाट नई बस्ती कैंट में बुजुर्ग दंपति को बेरहमी से पीटने के मामले में सपा नेता को बचाने के लिए पुलिस ने खेल कर दिया। वृद्धा के सिर पर 14 टांके लगे हैं। नाक की हड्डी टूटी है। वहीं वृद्ध के माथे पर चार, होंठ पर दो और पैर में आठ टांके लगे हैं। इसके बाद भी पुलिस ने सिर्फ एनसीआर दर्ज की।
पीड़ित दंपति थाने और सीओ के पास चक्कर लगा रहे लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। इतना सब कुछ होने के बाद भी थानेदार कर रहे कि ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई है। सपा नेता जगदीश यादव उर्फ राहुल यादव के घर में लगी एसी का पानी उनके पड़ोसी सुशील कुमार शर्मा (65) के घर केदरवाजे पर गिरता है। सुशील के मुताबिक वे काफी दिनों से राहुल से शिकायत कर रहे थे।
20 जुलाई की रात भी उन्होंने शिकायत की। इस पर विवाद हो गया और राहुल ने अपने भाई व पिता आदि के साथ मिलकर सुशील व उनकी पत्नी कमलेश कुमारी (61) को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद सुशील के बेटे नवीन कुमार शर्मा ने कैंट थाने में तहरीर दी। थानेदार ने एनसीआर लिखकर मामला शांत करा दिया। इंस्पेक्टर ललितमणि त्रिपाठी का कहना है कि ऐसी चोटें नहीं हैं कि गंभीर धाराएं लगाकर रिपोर्ट दर्ज की जाए।