डेरापुर। अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों को लेकर एसडीएम ने आबकारी व पुलिस की संयुक्त टीम के साथ लाइसेंसी शराब की दुकानों पर जांच पड़ताल की। इस दौरान मानकविहीन शराब की बिक्री पर सेल्समैन को जेल भेजने की चेतावनी दी।
एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी, आबकारी निरीक्षक हरीशंकर शुक्ला व डेरापुर थाना प्रभारी समीर कुमार ने शनिवार को संयुक्त टीम के साथ क्षेत्र के जिगनिस, डेरापुर, रतनियापुर व महोई में संचालित देशी, अंग्रेजी व बीयर की लाइसेंसी दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने शराब की गुणवत्ता व स्टॉक का मिलान किया।
छापामारी के दौरान शराब की दुकानों पर स्टॉक व सही गुणवत्ता की शराब पाए जाने पर अधिकारियों ने संतोष जताया। सेल्समैनों को चेतावनी दी कि कोविड नियमों का शत-प्रतिशत पालन होना चाहिए। मानकविहीन शराब मिलने पर सेल्समैन को जेल भेजा जाएगा।
शराब खरीदने के लिए आने वाले लोगों से क्षेत्र में चोरी छिपे हो रही बिक्री की जानकारी करें, जिससे संबंधित को जेल भेजा जा सके। एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में अभी अवैध शराब बिक्री की जानकारी नहीं है। यदि अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।