खोजी कुत्ते को चप्पल सुंघवाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव राजेपुर राठौरी में शराब ठेके के सेल्समैन की सोमवार रात ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। मां ने परिवार के चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उसने बताया कि खेत में शौचालय बनाने के विवाद में हत्या की गई। पुलिस को घटनास्थल से खून से सनी ईंट और डंडा, दो मोबाइल, एक अंगौछा व दो जोड़ी चप्पलें मिली हैं। एक मोबाइल सेल्समैन का बताया जा रहा है।
राजेपुर राठौरी निवासी अरविंद कुमार सिंह (35) गांव राजपुर में मीनू गुप्ता के शराब के ठेक पर सेल्समैन था। वह अक्सर दुकान बंद कर सवा नौ बजे तक अपने घर पहुंच जाता था। सोमवार को वह साढ़े नौ बजे तक घर नहीं पहुंचा। इस पर पत्नी मधू ने अपने मायके रमपुरा में भतीजे सौरभ को फोन कर अरविंद को देखने को कहा। सौरभ अपने भाई देवेंद्र के साथ बाइक से राजपुर से राजेपुर की ओर रोड पर अरविंद को देखते हुए जा रहा था।
इसी दौरान गांव राजेपुर राठौरी के पास मुख्य मार्ग से करीब 20 मीटर दूर पप्पू चौहान के इंजन के पास चकरोड पर अरविंद की बाइक पड़ी दिखी। वहीं पर अरविंद गंभीर हालत में पड़ा था। उसके जबड़े और सिर में गंभीर चोट थी। सौरभ ने परिजनों को मामले की सूचना दी। परिजन उसे गंभीर हालत में सीएचसी राजेपुर ले गए। वहां से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे नर्सिंगहोम ले जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई।