Kanpur News: ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में रुचि न लेने और आईजीआरएस की शिकायतों का निस्तारण समय पर नहीं हुआ है। मामले में बिल्हौर के तीन, पतारा के चार सचिव और बीडीओ का वेतन रोका गया है।
कानपुर की ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों में रुचि न लेने और बैठकों से गायब रहने पर सात सचिवों और एक बीडीओ का एक माह का वेतन रोक दिया गया। सीडीओ के आदेश पर डीडीओ ने कार्रवाई की। इनमें पतारा के चार और बिल्हौर के तीन सचिव शामिल हैं। वहीं, आईजीआरएस की शिकायतें निस्तारित न करने पर पतारा बीडीओ का भी वेतन रोका गया।
विज्ञापन
प्रगति सही होने के बाद ही इनका वेतन जारी होगा। जिला विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिल्हौर ब्लॉक के सचिव राजेश, जितेंद्र, रवी की प्रगति रिपोर्ट खराब थी। स्वच्छ भारत मिशन का पैसा भुगतान नहीं किया और गोशाला की फंड रिक्वेष्ट भी नहीं भेजी थी। ये तीन बैठकों में भी शामिल नहीं हुए थे।
वहीं, पतारा ब्लॉक के बीडीओ और चार सचिवों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। खंड विकास अधिकारी ने आईजीआरएस में आईं शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता नहीं दिखाई, जिसका प्रभाव जिलें की रैंकिंग पर पड़ा। सीडीओ ने बीडीओ और सचिवों की लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई और डीडीओ को सभी का वेतन रोकने के निर्देश दिए थे।
विकास कार्यों में रुचि न लेने और आईजीआरएस की शिकायतों का निस्तारण समय पर नहीं हुआ। बिल्हौर के तीन, पतारा के चार सचिव और बीडीओ का वेतन रोका गया है। प्रगति सही होने पर ही वेतन जारी होगा। -गजेंद्र प्रताप सिंह, डीडीओ