जसवंतनगर। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में डीएम शुभ्रांत शुक्ल व एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने फरियादियों की शिकायतों को सुना। समाधान दिवस में कुल 33 शिकायतें आईं, लेकिन किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
समाधान दिवस में ग्राम बहादुरपुर के वीरेंद्र सिंह ने प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उसकी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। उसकी जमीन को खाली कराया जाए। वहीं ग्राम बनकटी बुजुर्ग के गौरीशंकर ने बताया कि उनकी जमीन को गांव के ही लोगों ने अपने खेत में मिला लिया है। ग्राम भोगाताल के वीरेंद्र यादव और ग्रामीणों ने सार्वजनिक चकरोड पर से कब्जा हटवाने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया। ग्राम फुलरई के पूर्व प्रधान रामसरन धनगर, रामनरेश व ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में कुछ लोग आरसीसी मार्ग को जेसीबी से तोड़कर अतिक्रमण कर रहे हैं। इसी प्रकार से ग्राम मोहोब्बतपुर जसोहन के श्याम सिंह, रामबाबू, रविंद्र आदि ने बताया कि उनकी मेड़ तोड़कर खेत जोत लिया गया है। वहीं बीबामऊ रोतई के विनय कुमार ने खरंजा की नाप कराकर नया खरंजा बनाने की मांग की। फकीरे की मड़ैया के लाल सिंह ने बताया कि आदेश के बावजूद उनकी मेड़ नहीं बनाई गई है। ग्राम तिजोरा के भरतमोहन ने अपनी खसरा-खतौनी में नाम संशोधन कराने की मांग की। ग्राम धनुआ की रानी देवी ने अपनी जमीन कब्जा मुक्त कराने की गुहार डीएम से लगाई। डीएम ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम कुमार सत्यम जीत, तहसीलदार नेहा सचान, सीओ आयुषी सिंह मौजूद रहे।