औरैया में तिलक महाविद्यालय में आयोजित एक राष्ट्र-एक चुनाव विषयक कार्यक्रम में रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य साध्वी निरंजन ज्योति भी पहुंचीं। उन्होंने पहलगाम में हुई घटना को लेकर पाकिस्तान व आतंकवाद पर जमकर प्रहार किया। कहा की इस बार मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने सिंधु नदी समझौता रद्द कर यह साफ कर दिया है कि इस बार पानी और खून साथ नहीं बहेगा। चुन-चुन कर बदला लिया जाएगा। सभी राजनीतिक दल इस मामले में सरकार के साथ हैं।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने एक राष्ट्र- एक विधान व एक चुनाव के फायदे बताए। कहा कि बार-बार चुनाव का क्रम जद्दोजहद वाला है। सरकार एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर मन बना चुकी है। वहीं उन्होंने पाकिस्तान व आतंकवाद पर हमला बोला। कहा कि यह पहली बार है कि टूरिस्ट को निशाना बनाया गया है। वह भी इस आधार पर कि वह हिंदू हैं या मुसलमान। धर्म पूछकर गोलियां बरसाईं गई हैं। जिन परिवारों के बेटे गए हैं, उन्हें वापस तो नहीं लाया सकता, लेकिन उनका बदला जरूर लिया जाएगा। इस बार मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
कहा कि देश की सभी राजनीतिक पार्टियां जिनकी विचारधारा भले ही अलग हो, लेकिन इस मुद्दे पर सभी केंद्र सरकार के साथ खड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का प्लान तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक होगी या युद्ध, यह अभी खुलासा नहीं किया जाएगा, लेकिन जो होगा वह बड़ा होगा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल गौतम, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, पूर्व कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, अनूप गुप्ता समेत कई भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।