कानपुर। दिवाली और अन्य अवकाशों का लंबा सिलसिला खत्म होते ही बृहस्पतिवार को शहर के प्रमुख अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हैलट, उर्सला, कांशीराम और केपीएम अस्पताल समेत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में सबसे अधिक मरीज उल्टी-दस्त, खांसी, बुखार, सांस लेने में परेशानी और गले में खराश की शिकायत लेकर पहुंचे। मौसम में उतार-चढ़ाव और खानपान में लापरवाही के चलते मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
गंभीर हालत में पहुंचने वाले रोजाना आठ से दस नए मरीजों को वार्डों में भर्ती करना पड़ रहा है। इनमें बुजुर्गों और बच्चों की संख्या अधिक है। कांशीराम अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन एवं सीएमएस डॉ. पीयूष मिश्रा ने बताया कि मौसम बदलने से वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उन्होंने लोगों को उबला पानी पीने और ताजा गर्म भोजन करने की सलाह दी। वहीं, हैलट के मेडिसिन विभाग के डॉ. एसी गुप्ता ने बताया कि त्योहार के बाद ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी है।