हुक्का न मिलने पर उत्पात मचाने का मामला
- फोटो : सोशल मीडिया
स्वरूप नगर में डीसीपी कार्यालय के पास पोस्टमार्टम हाउस के नजदीक स्थित टर्न ऑन रेस्तरां में हुक्का न मिलने पर कर्मचारियों से मारपीट और युवतियों पर छींटाकशी के आरोप में घिरे दरोगा और सिपाही को डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने तलब किया है। एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार सुबह सिपाही आदित्य यादव सिर पर पट्टी बांधकर डीसीपी कार्यालय पहुंचा, जबकि दरोगा रजनीश भाठी भी वहां अधिकारियों से मिलने के इंतजार में खड़ा था। इसी दौरान मीडिया कर्मियों को देखकर दोनों वहां से निकल गए।
घटना शनिवार देर रात की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब ढाई बजे चार युवक कार से टर्न ऑन रेस्तरां पहुंचे थे। उन्होंने हुक्का मांगा, लेकिन कर्मचारियों ने देने से मना कर दिया। इस पर युवक भड़क गए और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों के कपड़े तक फाड़ दिए गए। कुछ देर पहले मोबाइल लेने पहुंची युवतियों पर भी छींटाकशी की गई।
हुक्का न मिलने पर उत्पात मचाने का मामला
- फोटो : सोशल मीडिया
हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। अफसरों के अनुसार, आरोपियों में बेकनगंज थाने में तैनात दरोगा रजनीश भाठी और घाटमपुर में तैनात एसीपी का हमराही सिपाही आदित्य यादव शामिल थे। उनके साथ दो अन्य युवक भी थे। चारों सादी वर्दी में थे और नशे में धुत बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात करीब साढ़े तीन बजे तक हंगामा होता रहा। इस दौरान सिपाही ने स्वरूप नगर चौकी इंचार्ज और थाना पुलिस को फोन कर बुलाया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही चारों वहां से निकल गए। घटना टर्न ऑन रेस्तरां में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।
हुक्का न मिलने पर उत्पात मचाने का मामला
- फोटो : सोशल मीडिया
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिपाही आदित्य यादव का जन्मदिन था। चारों ने पहले गोविंद नगर में शराब का सेवन किया, फिर टर्न ऑन रेस्तरां पहुंचे। एसीपी स्वरूप नगर को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है। रेस्तरां के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही दरोगा और सिपाही की लोकेशन तथा उनकी आमद-रवानगी से जुड़े सामान्य डायरी (जीडी) के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। सिपाही के सिर पर पट्टी कैसे लगी और रेस्तरां में हुए विवाद में उसकी क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है।