कानपुर। नौबस्ता के आवास-विकास हंसपुरम में सपा नेता की बहन के बंद मकान को निशाना बनाया। छत के रास्ते घर में घुसे चोर अलमारियों से करीब 10 लाख रुपये के गहने ले गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हंसपुरम निवासी आशीष प्रजापति फास्ट फूड रेस्टोरेंट संचालक हैं। परिवार में पत्नी रोशनी, छोटा भाई विवेक और उसकी पत्नी डाॅली हैं। डाॅली सपा जिला सचिव दिलीप प्रजापति की बहन हैं। आशीष ने बताया कि दिवाली के बाद 14 नवंबर को वह पत्नी के साथ घाटमपुर के कोरिया परास गांव स्थित अपनी ससुराल गए थे। वहीं, छोटा भाई भी पत्नी के साथ रेलबाजार स्थित अपनी ससुराल गया था। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे विवेक घर लौटा तब चोरी का पता चला। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। (ब्यूरो)