फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहित ने दिल जीता, अफ्रीका ने मैच

Mon, 12 Oct 2015 02:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
ओपनर रोहित शर्मा की दमदार 150 रनों की पारी के बाद भी टीम इंडिया रविवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में महात्मा गांधी-नेल्सन मंडेला सीरीज का पहला एक दिवसीय क्रिकेट मुकाबला हार गई। शुरुआती बढ़त के बावजूद मध्यमक्रम के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया।
विज्ञापन


50वें ओवर में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और स्टुअर्ट बिन्नी के आउट होते ही दक्षिण अफ्रीकी टीम ने टीम इंडिया को पांच रनों से हरा दिया। टी-20  सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया पहला वनडे मैच भी हार गई है। इस सीरीज में अभी चार मैच और होंगे।

टॉस जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और संभलकर खेलते हुए 303 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। कप्तान एबी डीविलियर्स ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली और नॉट आउट रहते हए 73 गेंदों पर 104 रन बनाए। तूफानी पारी के दौरान डीविलियर्स ने छह छक्के और पांच चौके लगाए।
विज्ञापन


उन्हाेंने ग्रीनपार्क स्टेडियम के हर तरफ शॉट मारकर दर्शकों का मनोरंजन किया। हालांकि अफ्रीकी कप्तान की पारी का जवाब टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा ने उसी अंदाज में दिया। रोहित ने 133 गेंदों पर 150 रन बनाए। इस दौरान छह छक्के और 13 चौके भी लगाए।

मैच पूरी तरह से टीम इंडिया की पकड़ में था लेकिन 47वां ओवर लेकर आए दक्षिण अफ्रीका के फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर ने पासा पलट दिया। पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा को सामने कैच थमा दिया। फिर बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना को तीन रनों पर चलता कर दिया। यहीं से टीम इंडिया दबाव में आ गई। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दो-दो रन बनाकर मैच निकालने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली।

अंतिम ओवर की पहली ही गेंद पर कैगिसो रबादा ने धोनी को आउट कर दिया। धोनी का कैच रबादा ने ही पकड़ा। इसी ओवर में ही स्टुअर्ट बिन्नी को हाशिम अमला के हाथों कैच कराके रबादा ने बाजी पलट दी। अंतिम ओवर में टीम इंडिया को 11 रनों की जरूरत थी लेकिन पांच रन ही बन सकी।

ग्रीनपार्क में बनाया सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर
रोहित शर्मा ने पाक के सलमान बट की ओर से बनाए गए 129 रनों के व्यक्तिगत स्कोर का रिकाॅर्ड तोड़ दिया है। यही नहीं, टीम इंडिया की तरफ से ग्रीनपार्क स्टेडियम में सर्वाधिक रन बनाने वालों में रोहित का नाम शामिल हो गया है। वहीं रोहित ने अपने वनडे करियर का 8वां शतक जड़ा।

सीएम ने दिया मैन आफ द मैच एवार्ड
कानपुर। पुरस्कार वितरण मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया। दक्षिण अफ्रीका टीम के कप्तान एबी डीविलयर्स को एक लाख रुपये का चेक दिया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव राजीव शुक्ला के अलावा पेटीएम के वाइस प्रेसीडेंट (फाइनेंस) विकास गर्ग भी मंच पर मौजूद रहे।

अंतिम ओवरों में टीम का खराब प्रदर्शन : धौनी
कानपुर। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने हार का कारण अंतिम ओवरों को माना है। उनका कहना है कि पहले गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में खराब गेंदबाजी की जिस कारण दक्षिण अफ्रीका ने 303 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। इसके बाद हम लोगों ने अंत के पांच ओवरों में अच्छे रन नहीं बनाए और विकेट भी दे दिए।

ग्रीनपार्क की पिच पर 275-280 का स्कोर ठीक माना जाता है पर दक्षिण अफ्रीका ने 300 से अधिक का लक्ष्य दिया। कोहली और रैना के खराब प्रदर्शन पर बोले, एक मैच में आउट होने से खिलाड़ी को हटाने का निर्णय नहीं लिया जाता है।

टीम इंडिया में राजनीति के सवाल पर बोले, यह आप लोगों की मनगढंत बातें हैं। हम लोग जल्दी सीरीज में जीत हासिल करेंगे और सीरीज जीतने का प्रयास करेंगे।

इमरान के दो विकेट रहे टर्निंग प्वाइंटः अमला
कानपुर। मैच के 46 ओवर तक हमें लग रहा था कि हार जाएंगे, 47 वें ओवर में इमरान ताहिर ने क्रीज पर टिके रोहित शर्मा और सुरेश रैना का विकेट लेकर मैच का पासा पलट दिया। इमरान के ये दोनों विकेट टर्निंग प्वाइंट रहे। यह कहना है साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला का।

मैच जीतने के बाद कप्तान एबी डिविलियर्स के स्थान पर प्रेस कांफ्रेंस में आए अमला ने ग्रीनपार्क में पत्रकारों से कहा कि डिविलियर्स को गेंदबाजी करने में गेंदबाज डरते हैं। हालांकि रोहित शर्मा ने भी अच्छी बल्लेबाजी की। 303 रन बनाने के बाद हमारी प्लानिंग थी कि इंडिया के लगातार विकेट गिराते रहें, लेकिन ऐसा न होने से हमारी चिंता बढ़ गई। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में बदलाव बहुत जल्दी होते हैं। आज बदलाव हमारे पक्ष में रहा। उन्होंने ग्रीन पार्क स्टेडियम की तारीफ भी की। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें