खुद को घिरता देख बदमाशों ने कार भगाई और हाईवे पर इनोवा रोककर अंधेरे में खेतों के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने जब कार का गेट खोला तो पीछे वाली सीट पर चालक शोभाराम पुत्र गोपीचंद निवासी ग्राम रपरा थाना भलपुरा जिला आगरा बंधक बना पड़ा था। पुलिस ने उसके हाथ पैर खोले और लेकर कालपी कोतवाली आ गई।
चालक ने पुलिस को बताया कि वह ट्रैवल्स एजेंसी की गाड़ी चलाता है। सोमवार को वह दिल्ली एयरपोर्ट पर सवारी छोड़कर लौट रहा था तभी बदमाश आगरा के लिए सवारी बनकर बैठ गए व रास्ते में बंधक बना लिया। पुलिस से घिरने के बाद बदमाश उसे कार में छोड़कर भाग गए।
बदमाशों की संख्या तीन थी। सीओ राहुल पांडेय व कोतवाल मानिक चंद्र पटेल ने बताया कि चालक से बदमाशों के बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कार में जीपीएस लगा होने के कारण ही उसकी लोकेशन लगातार पुलिस को मिल रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोनों सिपाही एकदम फिल्मी स्टाइल में इनोवा का पीछा कर रहे थे, गनीमत थी कि तड़के का वक्त था, हाईवे पर इतना ट्रैफिक नहीं था, वर्ना सिपाहियों के साथ बड़ी अनहोनी हो सकती थी। महावीर बाइक चलाते हुए कई बार कार के सामने आया तो पीछे बैठे प्रवीण ने भी दो तीन मर्तबा जान जोखिम में डालकर दौड़ती कार का गेट पकड़ने का प्रयास किया।
उनकी हिम्मत देखकर बदमाशों ने बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। पुलिस के अनुसार, चालक को कार समेत अगवा करने वाले बदमाश यूपी व एमपी के बीच के हो सकते हैं, क्योंकि आगरा के पास से कार लूट कर भाग रहे बदमाश उरई के रास्ते एमपी जाने की फिराक में थे।
चालक ने पुलिस को बताया कि बदमाश एमपी के ही किसी शहर का नाम ले रहे थे। फिलहाल सर्विलांस टीम की मदद से बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बदमाशों के जनपद से भी कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं।
आईजी कानपुर जोन सुभाष बघेल ने दोनों सिपाहियों महावीर सिंह व प्रवीण राज शर्मा के साहस की सराहना कर दोनों को ढाई ढाई हजार का पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की। उधर एसपी सतीश कुमार के मुताबिक दोनों को कॉप ऑफ द मंथ भी चुना जाएगा और नगद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र भी देंगे।